N भारत लोकदर्शन (जनहित के लिए)

BREAKING
Loading...

बिनेका में निःशुल्क चिकित्सा शिविर सम्पन्न, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ।

संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सराहनीय पहल ।

आशुवर्मा / ब्यूरो चीफ 
तिल्दा-नेवरा। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ग्राम पंचायत बिनैका में निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सीएसआर मद से, समता फाउंडेशन तथा रायपुर के एमजीएम हॉस्पिटल और उपाध्याय हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से पंचायत भवन में आयोजित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर नेत्र जांच, रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया, साथ ही गंभीर मरीजों को आगे के उपचार हेतु पंजीकृत भी किया गया।
शिविर के दौरान तीन मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें रायपुर ले जाकर एमजीएम हॉस्पिटल में पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। मरीजों के आवागमन, आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी संस्था द्वारा की गई है।
इस अवसर पर संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सीएसआर हेड श्रीमती शीतल गोयल ने बताया कि संस्था द्वारा ग्राम पंचायत बिनैका में सीएसआर मद से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें शाला परिसर में रंगमंच निर्माण, सड़कों का कांक्रीटीकरण तथा मंदिर परिसर के पास रंगमंच एवं कक्ष निर्माण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे निःशुल्क शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंदों की सेवा के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन कर रही है।
श्रीमती गोयल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बीमारियों को नजरअंदाज न करें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। उन्होंने क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ और निरोग रहने की कामना व्यक्त की।
शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाइयों एवं नजर के चश्मों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिनैका के सरपंच मुकेश बंजारे, उपसरपंच कमलेश ध्रुव, पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही। शिविर को सफल बनाने में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के एम. जी. के. मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी, राकेश कुमार निर्मलकर एवं जितेंद्र वर्मा का उल्लेखनीय योगदान रहा।