N भारत लोकदर्शन (जनहित के लिए)

BREAKING
Loading...

शासन के नियमों को ठेंगा दिखा रहे सरपंच व पंच पति, शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप

ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत, बर्खास्तगी और कार्रवाई की मांग

राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में सरपंच और उसके पंच पति पर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का मकान निर्माण कराने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर ग्रामवासियों ने कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल से लिखित शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत देवरी की सरपंच गंगोत्री वर्मा एवं उसके पंच पति तेजराम वर्मा द्वारा अपने स्वामित्व की भूमि खसरा नंबर 437 (गौशाला चौक) से लगी शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान निर्माण की तैयारी की जा रही है। आरोप है कि निर्माण के लिए कॉलम खड़े कर दिए गए हैं और कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों अपने पंचायत पद का दुरुपयोग करते हुए शासन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। यह कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके तहत पद से हटाने तक का प्रावधान है।
गांव की सार्वजनिक भूमि पर कब्जे से आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा है, वह गांव की सार्वजनिक एवं उपयोगी शासकीय भूमि है, जिसका उपयोग सामुदायिक कार्यों के लिए होता रहा है। ऐसे में इस पर अवैध कब्जा किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
कलेक्टर से की गई ये मांग
सोमवार, 23 मार्च को सौंपे गए शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि—

मौके पर निष्पक्ष जांच कराई जाए

अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए

सरपंच एवं उसके पंच पति को पद से हटाया जाए

दोनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में अन्य लोग भी शासकीय भूमि पर कब्जा करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।