सब्जी मंडी में अवैध शराब पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ई-रिक्शा समेत दो आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना मोहन नगर पुलिस ने सब्जी मंडी क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा शोले मसाला शराब एवं एक ई-रिक्शा वाहन जप्त किया है। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,03,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 24 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि सब्जी मंडी दुर्ग क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना मोहन नगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम श्याम लाल पटेल निवासी गिरधारी नगर एवं मेघराज यादव निवासी शीतला नगर, दुर्ग बताया। आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा शोले मसाला शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा वाहन बरामद किया गया।
मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 350/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से शराब का परिवहन एवं बिक्री कर रहे थे। कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Comments