रायपुर में चाकूबाजी: 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, युवक की हालत गंभीर


रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम रजबंधा मैदान के पास चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। पुलिस ने एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की मदद से महज 2 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलेज के पास रहने वाले निजामुद्दीन का मौदहापारा तालाब पार निवासी शेख शहीद (19 वर्ष) से पुराना विवाद था। इसी विवाद को लेकर दोनों की मुलाकात रजबंधा मैदान स्थित एक चाय दुकान पर हुई, जहां कहासुनी बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी शहीद ने पास की एक तरबूज दुकान से चाकू उठाकर निजामुद्दीन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में निजामुद्दीन के सीने, पीठ और कलाई पर गंभीर (लाइफ थ्रेटनिंग) चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस टीम और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में जल्द ही पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी शेख शहीद के खिलाफ अपराध क्रमांक 77/26 के तहत धारा 296 और 109 भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments