आरंग में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, 4 पोकलेन मशीनें जब्त

आरंग (रायपुर)। राजधानी रायपुर से सटे आरंग क्षेत्र में लंबे समय से जारी अवैध रेत खनन पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनिज अधिकारी राजेश माल्वे के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने तड़के छापेमारी कर रेत माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाया।
जानकारी के अनुसार, खनिज इंस्पेक्टर भार्गव के नेतृत्व में टीम ने सुबह करीब 3 बजे ग्राम चिखली और ग्राम कुरूद की खदानों में दबिश दी। जांच के दौरान यह पाया गया कि निर्धारित नियमों को दरकिनार कर प्रतिबंधित रात्रिकालीन समय में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
कार्रवाई करते हुए टीम ने ग्राम चिखली से 2 और ग्राम कुरूद से 2 पोकलेन मशीनें जब्त कीं। कुल 4 मशीनों को मौके पर ही सील कर दिया गया और खनन कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
यह कार्रवाई पूर्व जिला पंचायत सदस्य व आम आदमी पार्टी नेता परमानंद जांगड़े की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में रात्रिकालीन खनन, स्वीकृत सीमा से अधिक उत्खनन, अवैध वसूली और बिना रॉयल्टी रेत भंडारण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, जो जांच में सही पाए गए।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पट्टाधारकों और संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खदानों का दोबारा सीमांकन कर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
खनिज अधिकारी राजेश माल्वे ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमित निरीक्षण के जरिए सतत निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments