महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन निश्चय के अंतर्गत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 9 क्विंटल 12 किलो 760 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि तस्कर बड़ी चालाकी से केला परिवहन की आड़ में 29 बोरियों में गांजा छुपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी कर एक आईशर प्रो 2059 वाहन को रोका। तलाशी के दौरान केले के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने झारखंड निवासी आरोपी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन, दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
👉 पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Comments