दुर्ग में दर्दनाक सड़क हादसा: खारुन नदी ब्रिज पर ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार की मौत
दुर्ग। शहर के व्यस्त खारुन नदी ब्रिज पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। मेंटेनेंस कार्य के बाद हाल ही में खोले गए इस ब्रिज पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे दुर्ग से रायपुर की ओर जा रही एक काले रंग की पल्सर बाइक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए ब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग घटना की गंभीरता को समझ ही नहीं पाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभाली।
जांच के दौरान मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर आरिफ रजा मंसूरी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुपेला अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवा दिया है।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है
Comments