कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 149-बी पर कोथारी के पास मंगलवार तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सोनी परिवार के सदस्य शादी समारोह के बाद रिसेप्शन में शामिल होने चांपा गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय मंगलवार तड़के करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच उनकी कार (CG04 LS 3201) कोथारी के पास हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराया, जिससे कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भयावह था कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments