बलौदा बाजार जिले के सिमगा क्षेत्र में शासकीय जमीन पर कथित कब्जे के मामले में शासन और प्रशासन की चुप्पी अब बड़ा सवाल बनती जा रही है। ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत और ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 50 एकड़ से अधिक शासकीय भूमि, जिसमें प्रस्तावित खेल मैदान और अस्पताल की जमीन भी शामिल है, पर कब्जे के आरोप हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर न तो अतिक्रमण हटाने की पहल दिख रही है और न ही स्पष्ट जांच रिपोर्ट सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मामले को जानबूझकर दबाया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर भू-माफियाओं को संरक्षण किसका मिल रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका और आगामी कदमों पर सबकी नजर बनी हुई है।
– N भारत न्यूज
सम्पादक: रविशंकर गुप्ता
Comments