रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम और उपचुनाव की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। चुनाव प्रक्रिया 11 मई 2026 से शुरू होकर 4 जून 2026 तक चलेगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 5 और पार्षद के 77 पद सहित कुल 82 रिक्त पदों पर चुनाव कराया जाएगा। वहीं पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 तथा पंच के 1136 पदों सहित कुल 1228 पदों पर मतदान होगा।
नामांकन पत्र 11 मई से 18 मई तक जमा किए जाएंगे। 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 21 मई तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे।
आयोग ने बताया कि नगरीय निकाय और पंचायत दोनों चुनावों के लिए मतदान 1 जून 2026 को कराया जाएगा। मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 4 जून को होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नगरीय निकाय चुनाव में 44 हजार 525 और पंचायत चुनाव में 10 लाख 37 हजार 789 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम के माध्यम से दलीय आधार पर होंगे, जबकि पंचायत चुनाव मतपेटियों से गैरदलीय आधार पर संपन्न कराए जाएंगे। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 5 व्यय प्रेक्षक और 33 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए हैं।
Comments