रायपुर। बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 6 में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 61 एवं 65 में कुल मिलाकर लगभग सवा 4 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के तहत डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 में 1 करोड़ 80 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। यहां नगर निगम के पुराने जोन 6 कार्यालय (राजस्व विभाग) के जर्जर भवन को तोड़कर लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से नया सामुदायिक भवन बनाया जाएगा, जो जनहित एवं जनउपयोग के लिए उपलब्ध रहेगा।
वहीं महामाया मंदिर वार्ड क्रमांक 65 में 2 करोड़ 17 लाख रुपये की अधोसंरचना मद से 6 अलग-अलग स्थानों पर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। प्रोफेसर कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86 लाख एवं 94 लाख रुपये की लागत से दो स्थानों पर पक्के नालों का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर सुनील सोनी, मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, निगम पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर विधिवत भूमिपूजन किया गया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं में बड़ा लाभ मिलेगा।
Comments