रायगढ़। ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के Singhanpur Caves में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। शैल चित्रों पर शोध करने पहुंचे रायपुर की विभिन्न यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं और एक वैज्ञानिक पर अचानक मधुमक्खियों के बड़े झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में वैज्ञानिक सहित कुल 7 लोग घायल हो गए, जिन्हें डायल 108 और वन विभाग की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित Singhanpur Caves में अक्सर देशभर से शोधकर्ता अध्ययन और रिसर्च कार्य के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को रायपुर की अलग-अलग यूनिवर्सिटी से पांच सदस्यीय टीम यहां शोध कार्य के लिए आई थी। टीम में एक वैज्ञानिक और चार शोधकर्ता शामिल थे।
बताया जा रहा है कि वन विभाग के कर्मचारियों के साथ टीम गुफा की पहाड़ियों पर चढ़कर प्राचीन शैल चित्रों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने सभी पर हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मधुमक्खियों के हमले में वैज्ञानिक स्मृद्धि (69), ब्रम्हानंद धृतलहरे (27), भाग्यश्री (30), सुमन (35), निहारिका (36) के अलावा वन विभाग के रामझरना प्रभारी गितेश्वर पटेल और चौकीदार ईश्वर यादव घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और डायल 108 को सूचना दी गई। इसके बाद वनकर्मियों और स्वास्थ्य टीम ने घायलों को स्ट्रेचर की मदद से पहाड़ी से नीचे उतारा और तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
Comments