नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक घर में एयर कंडीशनर (AC) फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आग एक चार मंजिला इमारत में लगी, जिसने पहली मंजिल को छोड़कर बाकी सभी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना सुबह करीब 4 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद कई फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
इस संबंध में राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती जानकारी में 3-4 शव बरामद किए गए थे, जबकि बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 तक पहुंचने की पुष्टि हुई है। तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे में 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शवों की पहचान में दिक्कत
स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा के अनुसार, दूसरी मंजिल पर 6 शव और ऊपरी मंजिल की सीढ़ियों पर 3 शव मिले। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। प्रारंभिक तौर पर शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
Comments