धमतरी में चंगाई सभाओं को लेकर विवाद, हिंदू जागरण मंच ने जताया विरोध


धमतरी। शहर में रविवार को कथित चंगाई सभाओं को लेकर माहौल गरमा गया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग वार्डों और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चल रही सभाओं में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्थानों पर सभा संचालकों और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही।
हिंदू जागरण मंच का आरोप है कि कई स्थानों पर बिना प्रशासनिक अनुमति एवं धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के नियमों का पालन किए चंगाई सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि कानून के तहत धर्म परिवर्तन अथवा उससे जुड़े आयोजनों की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना और प्रशासन को सूचना देना अनिवार्य है, लेकिन कई जगहों पर इन नियमों की अनदेखी की जा रही है।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इन सभाओं में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हो रहे हैं। उनका कहना है कि स्वयं को मूल रूप से हिंदू बताने वाले लोगों को भी चंगाई सभाओं से जोड़ा जा रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं। हिंदू जागरण मंच ने इसे कानून उल्लंघन की स्थिति बताते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं विरोध के दौरान कुछ स्थानों पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Comments