आकाशीय बिजली गिरने से मकान जलकर खाक, महिला झुलसी


महासमुंद। जिले के बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बाघामुड़ा में शुक्रवार तड़के आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। हादसे में घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, वहीं एक महिला झुलस गई, जिसका प्राथमिक उपचार कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बाघामुड़ा निवासी प्रज्ञानंद देवांगन के घर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर में प्रज्ञानंद देवांगन सहित परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि प्रज्ञानंद देवांगन मोटरसाइकिल बैग बनाने का काम करते हैं। आगजनी की इस घटना में घर में रखा व्यवसाय से जुड़ा सामान, घरेलू सामग्री और जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
हादसे में प्रज्ञानंद देवांगन की पत्नी नंदनी देवांगन आग की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Comments