भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में मोबाइल को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद हिंसक घटना में बदल गया। गुस्से में आए बेटे ने अपने ही माता-पिता पर हंसिए से हमला कर दिया। घटना में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता को भी चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। जामुल निवासी दिनेश साहू (50) अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू (47) के साथ बेटे राकेश साहू (22) को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि राकेश का इलाज चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मोबाइल मांगने पर भड़का युवक
जानकारी के मुताबिक अस्पताल जाने से पहले दिनेश साहू ने बेटे राकेश से गले में बंधा धागा निकालने को कहा। इस पर राकेश ने पहले मोबाइल देने की मांग की। पिता ने बाद में मोबाइल देने की बात कही, जिससे वह नाराज हो गया।
देखते ही देखते राकेश ने घर में रखे हंसिए से पिता पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान दिनेश साहू के पैर और पेट में चोटें आईं।
बीच-बचाव में आई मां भी हुई घायल
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मां खिलेश्वरी साहू पर भी राकेश ने हंसिए से वार कर दिया। हमले में उनके दाहिने हाथ की नस कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद राकेश को रस्सी से बांधकर काबू किया, ताकि वह किसी और को नुकसान न पहुंचा सके।
मेकाहारा रेफर, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद घायल दंपति को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मां खिलेश्वरी साहू की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) रेफर किया गया। पिता दिनेश साहू का भी वहीं इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मोबाइल को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
Comments