कलेक्ट्रोरेट में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर महिला को बनाया शिकार

रायगढ़। कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3 लाख 38 हजार 500 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पीड़िता को संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिलाकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम वसूली थी तथा बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लंबे समय तक गुमराह करता रहा।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी पदिमनी यादव (27 वर्ष) ने 3 अप्रैल 2026 को थाना कोतरारोड़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी भतीजी के माध्यम से आरोपी हरीश मिश्रा से पहचान हुई थी। आरोपी ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर नौकरी दिलाने का दावा करते हुए 9 फरवरी 2026 से 22 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 3,38,500 रुपये नकद और फोन-पे के जरिए ले लिये।
पीड़िता ने बताया कि लंबे समय तक नियुक्ति नहीं होने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। इसी दौरान उसने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का कथित नियुक्ति पत्र भी दिया। जब पीड़िता दस्तावेज लेकर कलेक्ट्रोरेट पहुंची तो जांच में नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी निकला और नौकरी घोटाले का खुलासा हो गया।
मामले में थाना कोतरारोड़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की। शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। मुखबिर सूचना पर उसके जशपुर में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी हरीश मिश्रा ने पीड़िता से रकम लेना स्वीकार किया। उसने बताया कि अधिकांश राशि खर्च की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य पद पर कार्यरत रह चुका है तथा उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीश मिश्रा पिता रविंद्र मिश्रा उम्र 31 वर्ष निवासी बैकुण्ठपुर, थाना कोतवाली रायगढ़ के रूप में हुई है।
एसएसपी का संदेश
शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नौकरी दिलाने, सरकारी भर्ती कराने या प्रभाव का झांसा देकर पैसे मांगने वाले लोगों पर भरोसा न करें। किसी भी नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही प्राप्त करें तथा किसी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Comments