जंगली हाथियों का बढ़ता खतरा: वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील


रायगढ़/धरमजयगढ़। क्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार मौजूदगी और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों और किसानों के लिए विशेष सतर्कता एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।
क्षेत्र के अधिकांश किसानों के खेत गांव से दूर जंगलों के समीप स्थित हैं, जिसके कारण उनका खेतों तक आना-जाना लगातार बना रहता है। ऐसी स्थिति में वन विभाग ने लोगों से अकेले खेतों में नहीं जाने, समूह में रहने तथा एक-दूसरे के संपर्क में बने रहने की सलाह दी है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि शाम ढलने के बाद खेतों या जंगल से लगे क्षेत्रों में रुकना जोखिमपूर्ण हो सकता है। ग्रामीणों को अंधेरा होने से पहले अपने घरों या सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी गई है।

विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कहीं हाथी या हाथियों का झुंड दिखाई दे तो उनके करीब जाकर फोटो-वीडियो बनाने, उन्हें भगाने या छेड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

वन विभाग की तत्पर कार्रवाई

हाल ही में हुई घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। विभाग द्वारा प्रभावित परिवार को नियमानुसार तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

वन विभाग की टीमें लगातार संवेदनशील गांवों में गश्त कर रही हैं। मुनादी और लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

वन विभाग, स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने मृतक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

वन विभाग की अपील:
अफवाहों से बचें, सतर्क रहें, वन विभाग के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना दें।

Comments