रायपुर। मिडिल ईस्ट में तनाव और युद्ध के बीच एलपीजी सप्लाई को लेकर बनी परिस्थितियों के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। रायपुर में अब 10 किलोग्राम का कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। फाइबर कंपोजिट सामग्री से तैयार यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में हल्का है। इसकी पारदर्शी बॉडी इसकी सबसे बड़ी खासियत है, जिससे उपभोक्ता सिलेंडर में बची गैस का अंदाजा बाहर से लगा सकते हैं।
करीब 3 हजार रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट
रायपुर में 10 किलो के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट करीब 3,000 रुपये बताया जा रहा है। वहीं, इसके रिफिल की कीमत लगभग 715 से 730 रुपये के बीच बताई गई है। हालांकि, कीमत कंपनी, गैस एजेंसी और समय के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
वजन कम, इस्तेमाल में आसान
कंपोजिट सिलेंडर का वजन कम होने के कारण इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता सिलेंडर में मौजूद गैस की मात्रा का अनुमान भी लगा सकते हैं। इससे सिलेंडर अचानक खत्म होने की स्थिति से बचने में मदद मिल सकती है।
तीनों प्रमुख कंपनियों के सिलेंडर बाजार में
पेट्रोलियम कंपनियां अलग-अलग नामों से कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं। भारत पेट्रोलियम का 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर ‘भारत गैस लाइट जिप’, इंडियन ऑयल का ‘इंडेन एक्स्ट्रालाइट’ और एचपीसीएल का कंपोजिट सिलेंडर ‘एचपी गैस ओजस’ नाम से उपलब्ध है।
उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने से पहले अपनी संबंधित गैस एजेंसी से वर्तमान कीमत, सिक्योरिटी डिपॉजिट और उपलब्धता की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
Comments