दुर्ग जिले के अंडा और चंदखुरी के बीच रविवार शाम लगभग 5 बजे अचानक सड़क धंस जाने से बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते समय रहते सड़क के धंसे हिस्से को चिन्हित कर आवागमन रोक दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ साल पहले बनी इस सड़क पर अचानक लगभग 4 फीट चौड़ा और 6 फीट गहरा गड्ढा हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल थाना, पीडब्ल्यूडी एवं पीएचई विभाग को इसकी सूचना दी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क धंसने की जानकारी नहीं मिलती तो रात के समय कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर ने प्राथमिक तौर पर पीएचई विभाग की पाइपलाइन लीकेज को सड़क धंसने का कारण बताया है। इंजीनियर के अनुसार सड़क के नीचे से गुजर रही पानी की पाइपलाइन में रिसाव होने से मिट्टी कमजोर हो गई, जिसके कारण सड़क अचानक धंस गई।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द मरम्मत एवं जांच की मांग की है।
Comments