रायपुर। राजधानी रायपुर के बढ़ईपारा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही दुकान से धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे किराना सामान और अन्य सामग्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर विभाग द्वारा आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी की जाएगी।
Comments