डिप्टी रेंजर पर अवैध कटाई और तस्करी का आरोप, शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं


कोरबा, 04 जून। जिले के पसान रेंज अंतर्गत लैंगा वन परिसर में पदस्थ एक महिला डिप्टी रेंजर पर ग्रामीणों ने कीमती सरई पेड़ों की अवैध कटाई और तस्करी करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और विभागीय जांच के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे संबंधित अधिकारियों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों के अनुसार लैंगा गांव के पेडों पारा मोहल्ला क्षेत्र में डिप्टी रेंजर और बिट गार्ड की कथित मिलीभगत से सरई पेड़ों की कटाई करवाई गई। आरोप है कि कटे हुए पेड़ों को मनेन्द्रगढ़ के एक ठेकेदार को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि विरोध करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।

शिकायतकर्ता इतवार सिंह पेडों सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले में 10 हजार रुपये रिश्वत लिए जाने की घटना भी उन्होंने स्वयं देखी है। ग्रामीणों ने पहले रेंजर, फिर डीएफओ और तहसीलदार पसान से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मामला सुशासन तिहार शिविर में उठाया गया, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए।

जांच के लिए वन विभाग की टीम गांव पहुंची और सरपंच, पंच तथा शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों का कहना है कि जांच दल ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जांच के बाद संबंधित अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं के बीच समझौता कराने तथा मामले को दबाने का प्रयास किया गया। इस कथित प्रयास का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं विभाग की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

— N भारत न्यूज

Comments