तालाब गहरीकरण की आड़ में मुरूम का खेल? कार्रवाई के बाद बढ़े सवाल
सिमगा/खिलोरा। ग्राम खिलोरा के निस्तारी तालाब में तालाब गहरीकरण के नाम पर कथित रूप से किए जा रहे अवैध मुरूम उत्खनन का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। राजस्व विभाग द्वारा दो चैन माउंटिंग वाहनों की जब्ती के बाद ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार मामले की जानकारी और दस्तावेज जुटाने पहुंचे पत्रकार जब ग्राम पंचायत पहुंचे, उस समय ग्राम सभा की बैठक चल रही थी। आरोप है कि पत्रकारों को देखते ही सरपंच पति कुम्भ साहू एवं उनके भाई ने पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया तथा जानकारी लेने पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों का कहना है कि पत्रकारों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का प्रयास किया गया, जिससे ग्राम सभा का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि ग्राम पंचायत की सरपंच अनीता कुम्भ साहू, सरपंच पति कुम्भ साहू तथा पंचायत सचिव कमल किशोर साहू की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों का दावा है कि तालाब गहरीकरण की आड़ में बड़े पैमाने पर मुरूम निकासी और परिवहन किया गया, जिसकी जानकारी पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारियों को थी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब पंचायत सचिव कमल किशोर साहू से उत्खनन कार्य, स्वीकृति, मुरूम निकासी और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई, तब उन्होंने चार घंटे बाद जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी कोई दस्तावेज या जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों में संदेह और गहरा गया है।
इधर, शिकायतों के बाद तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उत्खनन कार्य में लगी दो चैन माउंटिंग मशीनों को जब्त किया। तहसीलदार अनुराग भट की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर जब्ती आदेश चस्पा किया गया।
हालांकि बाद में जब्त वाहनों के मौके से हटाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पूरे मामले में नए सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब गहरीकरण कार्य पूरी तरह नियमानुसार हुआ है तो संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
वहीं यदि अनियमितताएं हुई हैं तो सरपंच, सरपंच पति, सचिव और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।
Comments