खिलोरा सरपंच पति और उसके भाई पर मारपीट, धमकी एवं दबंगई के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश




खिलोरा (सिमगा)। ग्राम खिलोरा में सरपंच पति कुंभकरण साहू एवं उसके भाई नंदकुमार साहू पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। घटना में शिकायतकर्ता को सिर, हाथ एवं पसली में चोटें आने की बात कही गई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा भी किया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पति होने के कारण कुंभकरण साहू गांव में प्रभाव का इस्तेमाल करता है और उसके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर दबाव बनाया जाता है। कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गांव में भय का माहौल बना हुआ है तथा कई लोग खुलकर शिकायत करने से कतराते हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ समय पूर्व गांव में जानकारी लेने पहुंचे पत्रकारों के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया था, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ी है। हालांकि इस संबंध में संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा गांव में कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल पुलिस द्वारा दर्ज मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments