रायपुर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, गैस एजेंसी सुपरवाइजर को बनाया निशाना



पुलिस कमिश्नर की बैठक के दौरान बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, एक सप्ताह में चौथी बड़ी लूट से बढ़ी चिंता

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया इलाके में गैस एजेंसी के एक सुपरवाइजर से करीब 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खास बात यह है कि घटना उस समय हुई जब पुलिस कमिश्नर कंट्रोल रूम में कानून व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक चल रही थी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार टाटीबंध स्थित एचपी गैस एजेंसी के सुपरवाइजर श्रवण साहू को एजेंसी संचालक ने अग्रसेन चौक स्थित एक पार्टी से भुगतान की राशि लेने भेजा था। श्रवण करीब 10 लाख रुपये लेकर कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक उपभोक्ता द्वारा गैस लीकेज की शिकायत मिलने पर संचालक ने उन्हें रास्ते में समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

डंगनिया बाजार के पास ग्राहक के बताए पते पर पहुंचकर जैसे ही श्रवण साहू कार से उतरे, बाइक सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे और नोटों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई, जिससे आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।

रेकी और अंदरूनी जानकारी की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को नकदी के परिवहन की पहले से जानकारी थी। जिस सटीक तरीके से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे रेकी किए जाने की संभावना मजबूत हो गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति ने रकम ले जाने की जानकारी अपराधियों तक तो नहीं पहुंचाई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं। फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को भी जांच में लगाया गया है।

एक सप्ताह में चौथी बड़ी लूट

रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में एक सप्ताह के भीतर यह चौथी बड़ी लूट की घटना है। इससे पहले अभनपुर में बैंक मित्र से चाकू की नोक पर लूट, टिकरापारा के कमल विहार में युवक से नकदी, मोबाइल और बाइक की लूट तथा धरसींवा क्षेत्र में ट्रांसपोर्टर पर हमला कर लूट की वारदात सामने आ चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जल्द होगा खुलासा : डीसीपी

डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने बताया कि डंगनिया में लूट की घटना हुई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हुए हैं। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस को जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है और आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Comments