दुर्ग। दुर्ग जिले के पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने शनिवार को तबादला आदेश जारी करते हुए जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं में पदस्थ 10 पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। इस बदलाव का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाना बताया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, वैशाली नगर थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा को स्थानांतरित कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं स्क्रैप चोरी मामले की जांच को लेकर चर्चा में रहे निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज को सुपेला थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
नियंत्रण कक्ष में पदस्थ उप निरीक्षक महेश ध्रुव का एक महीने के भीतर दूसरी बार तबादला किया गया है। उन्हें अब धमधा थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव को पुरानी भिलाई थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा उप निरीक्षक रामनारायण ध्रुव को छावनी थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उप निरीक्षक अमित अंदानी का तबादला स्मृति नगर थाना किया गया है। अन्य अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार बदलाव किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी तबादले प्रशासनिक कारणों एवं बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments