मोदी सरकार के 12 साल: वादों की चमक, हकीकत में महंगाई-बेरोजगारी का अंधेरा – दीपक बैज


रायपुर। केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को "विश्वगुरु" बनाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन 12 वर्षों बाद देश महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और सामाजिक विभाजन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।

बैज ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास और बदलाव के नाम पर केवल प्रचार किया है, जबकि आम जनता के जीवन में कोई ठोस और सार्थक परिवर्तन दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि आज देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है और वैश्विक परिस्थितियों का सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकार आत्मनिर्भर भारत का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि एलएनजी और यूरिया उत्पादन में गिरावट आई है। कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के दावे जमीन पर कमजोर साबित हो रहे हैं।

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए बैज ने कहा कि 2014 से अब तक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 123 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पेट्रोल 44 प्रतिशत और डीजल 73 प्रतिशत महंगा हुआ है। वहीं दूध के दाम 71 प्रतिशत तथा दालों की कीमतों में 84 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बैज ने कहा कि सरकार ने शिक्षा के आधुनिकीकरण का वादा किया था, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक 89 पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और 48 परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ी हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।

उज्ज्वला योजना को लेकर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। बैज ने कहा कि सरकार अब उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलने वाले सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या नौ से घटाकर चार करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का दावा करने वाली सरकार अब उन्हीं गरीब परिवारों पर बोझ बढ़ाने का काम कर रही है।

बैज ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों का मूल्यांकन करने पर यह स्पष्ट होता है कि बड़े-बड़े वादों और घोषणाओं के बावजूद आम जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब प्रचार और वास्तविकता के बीच का अंतर समझ चुकी है।

Comments