कटहल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 125 किलो गांजा, महासमुंद पुलिस ने 70 लाख से अधिक की संपत्ति की जब्त
महासमुंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एक पिकअप वाहन से 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा राज्य से लगे अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों पर भी लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 में कटहल के नीचे गांजा छिपाकर दो व्यक्ति ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर रेहटीखोल चेक पोस्ट पर सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और नंबर का संदिग्ध वाहन सामने से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर पूछताछ की, जिसमें चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम लवकुश गौतम (22 वर्ष), निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से 125.700 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाकर प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा, एक मोबाइल फोन और पिकअप वाहन समेत कुल 70 लाख 93 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। जब्त सामग्री में गांजा की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये, मोबाइल की कीमत 8 हजार रुपये तथा वाहन की कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना थाना सिंघोडा में जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा तस्करों के नेटवर्क, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।
Comments