तिल्दा में दोस्तों के बीच विवाद बना जानलेवा, 16 वर्षीय छात्र की चाकू लगने से मौत

9वीं पास दो किशोरों के बीच पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, एक की मौत, दूसरा रायपुर में उपचाराधीन

तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत सासाहोली गांव में दो किशोर दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में 16 वर्षीय छात्र अमन यदु की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है और रायपुर में उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु और घायल किशोर एक ही स्कूल में पढ़ते थे तथा हाल ही में 9वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परीक्षा के दौरान घायल किशोर द्वारा अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाए जाने को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल से लौटने के बाद अमन ने किशोर को रास्ते में बुलाया और घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर पहुंचा। आरोप है कि अमन ने पहले किशोर के गले पर वार किया। बचाव के दौरान घायल किशोर ने चाकू छीन लिया और आत्मरक्षा में पलटवार कर दिया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान अमन यदु ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों किशोरों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घायल किशोर के पिता शिक्षक हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं और उनके घर एक ही वार्ड में लगभग 400 मीटर की दूरी पर स्थित हैं।

फिलहाल तिल्दा पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

Comments