कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में घरघोड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, 178 मीटर तांबा तार बरामद


घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू की बड़ी सफलता, रेलवे तांबा तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

चार आरोपी गिरफ्तार, 178 मीटर रेलवे तांबा तार और नकदी बरामद

तीन रेलवे चोरी और एक उठाईगिरी के मामले सुलझे

रायगढ़, 19 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे ओएचई और तांबा तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 178 मीटर रेलवे तांबा तार एवं 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू द्वारा लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखकर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर ढोरम बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर चारों संदेहियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी के तीन मामलों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी की एक घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे लाइन से तांबा तार चोरी कर फेरी लगाने वाले कबाड़ियों को बेच देते थे। चोरी से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर खर्च कर देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल से छिपाकर रखा गया चोरी का तांबा तार बरामद किया गया।

इस कार्रवाई से थाना घरघोड़ा क्षेत्र में दर्ज चार अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा हुआ है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 41 हजार 840 रुपये बताई गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे संपत्ति से जुड़े अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त नजर है और ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक तथा आरक्षक हरिश पटेल और उद्योराम पटेल की विशेष भूमिका रही।

Comments