दुर्ग में सो रहे युवक की सिर कुचलकर हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार


नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर की घटना, आपसी विवाद बना हत्या की वजह

दुर्ग। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर में आपसी विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 25 जून की देर रात करीब 12 बजे पानी टंकी के पास सो रहे 25 वर्षीय चेतन ठाकुर पर भारी वस्तु से हमला कर उसका सिर कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हत्या की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और नंदिनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर रैनू राम यादव (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी विवाद सामने आई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त भारी वस्तु और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Comments