शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा, दंपत्ति ने महिला से 25 लाख की ठगी
जामुल पुलिस की कार्रवाई, फरार पति-पत्नी गिरफ्तार
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दंपत्ति को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताकर एक महिला से करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
जानकारी के अनुसार जामुल निवासी फातिमा अहमद ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर उनसे लगभग 25 लाख रुपये हासिल कर लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता की सहेली रजनी बारसकर के सोने के गहने भी अपने कब्जे में ले लिए और उन्हें IIFL गोल्ड फाइनेंस, पावर हाउस चौक भिलाई में गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
रकम और गहने हासिल करने के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर जामुल पुलिस ने धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पवन हरिहर सिंह और पिंकी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Comments