दुर्ग में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: बंद पड़े जलाराम लॉज में चल रहा था देह व्यापार, 3 गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के इंदिरा मार्केट स्थित बंद पड़े जलाराम लॉज में संचालित किए जा रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर तीन युवतियों और दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। मौके से नगदी, मोबाइल फोन, कंडोम पैकेट सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई।


पुलिस के अनुसार, 28 जून की शाम सूचना मिली थी कि बंद पड़े जलाराम लॉज की आड़ में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई। जांच में सामने आया कि लॉज के नाम पर अवैध गतिविधियां चलाई जा रही थीं, जबकि वर्तमान में वहां आइसक्रीम पार्लर संचालित होने की जानकारी भी मिली है।


20 हजार नकद, 4 मोबाइल और 80 कंडोम पैकेट जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 20 हजार रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। मौके पर लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौजूद मिला।

पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है। इस प्रकरण में विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

अवैध कमाई के लिए चल रहा था कारोबार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लॉज की आड़ में कथित देह व्यापार का संचालन कर रहे थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

N. Bharat News

Comments