धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरेगांव के पास एक मछली कारोबारी की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी पर धारदार हथियार से 40 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विपलभ मंडल (55) के रूप में हुई है, जो गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा के निवासी थे और मछली का कारोबार करते थे। घटना के समय वह अपने साथी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने दोनों का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने सबसे पहले विपलभ मंडल के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले।
इसके बाद हमलावरों ने विपलभ मंडल को घेरकर उन पर लगातार वार किए। शरीर पर 40 से अधिक गहरे घाव मिलने से वारदात की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों की मदद से उन्हें नगरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साइबर टीम भी तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस नृशंस हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Comments