31 आपराधिक मामलों का आरोपी, अवैध कमाई से खरीदे मकान और वाहनों पर SAFEMA की कार्रवाई
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने "सूखे नशे के विरुद्ध अभियान" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर मुकेश उर्फ मुकेश बनिया की लगभग 42 लाख रुपये मूल्य की संदिग्ध संपत्तियों को अटैच (फ्रीज) कर दिया है। मुंबई स्थित SAFEMA के सक्षम प्राधिकारी ने पुलिस की वित्तीय जांच के आधार पर फ्रीजिंग ऑर्डर की पुष्टि कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुकेश बनिया शहर का आदतन मादक पदार्थ तस्कर है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या, बलवा, मारपीट और गुंडागर्दी समेत कुल 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
26 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 6.119 किलोग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। इससे पहले पुलिस उसके हाईटेक गांजा हाइडआउट का भी खुलासा कर चुकी थी।
लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पहले ही PIT-NDPS Act, 1988 के तहत डिटेंशन ऑर्डर जारी किया जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने उसकी वित्तीय जांच शुरू की, जिसमें एक मकान और तीन वाहन अवैध कमाई से खरीदे जाने की आशंका सामने आई।
जांच के आधार पर थाना सिटी कोतवाली ने NDPS Act की धारा 68-F(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे SAFEMA ने मंजूरी दे दी। अब सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना इन संपत्तियों को बेचा, गिरवी रखा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा।
यदि संबंधित पक्ष संपत्तियों का वैध आय स्रोत साबित नहीं कर पाते हैं, तो नियमानुसार इन्हें स्थायी रूप से शासन के पक्ष में जब्त (Forfeiture) करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि रायपुर पुलिस केवल नशे की बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क को भी कानून के तहत समाप्त करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रखेगी।
Comments