पैसों के लालच में सरपंच पर दर्ज कराया झूठा दुष्कर्म केस, युवती समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में दर्ज कथित दुष्कर्म मामले की पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में शिकायत पूरी तरह झूठी और सुनियोजित साजिश का हिस्सा पाई गई। मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता युवती सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय पूनम चौहान ने ग्राम कटगी के सरपंच जयसिंह पैकरा और अंजीव जायसवाल के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कसडोल थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को शिकायत में कई तथ्य संदिग्ध मिले। साक्ष्यों और बयान के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कथित दुष्कर्म की घटना हुई ही नहीं थी। पुलिस का दावा है कि सरपंच को फंसाकर आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से पूरी साजिश रची गई थी।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता पूनम चौहान के साथ भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक और विजय तिवारी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि झूठे मामलों से न केवल निर्दोष लोगों की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है, बल्कि न्याय व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस पूरे षड्यंत्र में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Comments