इलाज के दौरान सामने आया मामला, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को भेजा गया जेल
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के छह माह की गर्भवती पाए जाने के बाद घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि किशोरी लगभग छह माह की गर्भवती है। इसके बाद परिजनों और पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में नाबालिग ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता ने 17 जून को बसंतपुर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना डोंगरगांव थाना क्षेत्र की थी, इसलिए बसंतपुर पुलिस ने 'जीरो एफआईआर' दर्ज कर प्रकरण की केस डायरी डोंगरगांव थाने को भेज दी।
डोंगरगांव पुलिस ने केस डायरी प्राप्त होने के बाद अपराध क्रमांक 209/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(1), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला कायम किया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी सुभाष गेडरे (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को कानून के अनुसार दंड दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
Comments