"खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, पोकलेन समेत 6 हाईवा जब्त"
जानकारी के अनुसार सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहन (CG-07-CR-7715 एवं CG-13-AQ-0321) पकड़े गए। दोनों वाहनों को जब्त कर सारंगढ़ थाना परिसर में सुरक्षा के तहत खड़ा कराया गया है।
इसके बाद मंगलवार को भी खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए चूना पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे दो और हाईवा वाहन (CG-13-BB-2721 एवं CG-13-BB-2321) जब्त किए। इन वाहनों को भी सारंगढ़ थाना पुलिस की सुपुर्दगी में रखा गया है।
इसी क्रम में उप तहसील कोसीर अंतर्गत ग्राम पंचायत पासीद में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया। मौके पर रेत उत्खनन में लगी एक पोकलेन मशीन को जब्त किया गया। साथ ही रेत परिवहन कर रहे दो अन्य हाईवा वाहन (CG-06-HD-6457 एवं CG-11-BK-6697) को भी जब्त कर कोसीर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान भविष्य में और तेज किया जाएगा।
Comments