अवैध खनन पर बड़ा प्रहार: 6 क्रशर सीलबंद, रेत उत्खनन में लगी मशीन जब्त


मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के निर्देश पर केंद्रीय उड़नदस्ता की कार्रवाई, ड्रोन सर्वे से उजागर हुईं अनियमितताएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज साधन विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देशानुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 21 और 22 जून 2026 को विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया।

प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिला बलौदाबाजार के ग्राम खपरीडीह में गौण खनिज निम्न श्रेणी चूनापत्थर से संबंधित स्वीकृत अस्थायी भंडारण स्थलों एवं खदानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आने पर 6 क्रशर इकाइयों को सीलबंद कर दिया गया। साथ ही संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम दहिदा स्थित महानदी क्षेत्र का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन के माध्यम से अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत मशीन को जब्त कर आगामी आदेश तक सीलबंद कर दिया गया। मशीन को मशीन ऑपरेटर की सुपुर्दगी में रखा गया है तथा मशीन स्वामी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

खनिज विभाग ने बताया कि सभी स्थलों का ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक के माध्यम से भी सत्यापन किया गया, जिससे खनन गतिविधियों का सटीक आकलन संभव हो सका। आधुनिक तकनीक के उपयोग से अवैध खनन की निगरानी और कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

खनिज सचिव पी. दयानंद ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ड्रोन सर्वेक्षण, आधुनिक तकनीक और सतत निगरानी के माध्यम से अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस कार्रवाई में केंद्रीय उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम के साथ संबंधित जिलों की जिला स्तरीय टीम के अधिकारी भी मौजूद रहे।N. भारत न्यूज़ | रायपुर ब्यूरो

Comments