रायगढ़ में 91 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 18 खेलों की मिलेंगी सुविधाएं


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा का रखा विशेष जोर

रायगढ़, 19 जून 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने आज रायगढ़ प्रवास के दौरान पुसौर विकासखंड के ग्राम लोहरसिंग में निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

रायगढ़ जिले में 91 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 34 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इस खेल परिसर में फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, स्विमिंग पूल, इनडोर स्टेडियम सहित कुल 18 खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ रूम तथा पहुंच मार्ग के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक प्रतिमा सागर को जिले में विभिन्न खेल संघों के गठन तथा खिलाड़ियों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग प्रदान करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उनका लक्ष्य ऐसा विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करना है, जहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कलेक्टर , नगर निगम आयुक्त तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।N भारत न्यूज़ विशेष:
"रायगढ़ को मिलेगी विश्वस्तरीय खेल पहचान, खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगा नया मैदान।"

Comments