कोंडागांव में ACB का बड़ा एक्शन: तहसील रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरसगांव तहसील कार्यालय के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को नामांतरण प्रकरण में तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर पकड़ा गया।

शिकायतकर्ता बिस्सूलाल नेताम ने ACB को शिकायत दी थी कि उसके पिता और बुआ का नाम नामांतरण प्रकरण में दर्ज करने के एवज में रीडर ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के अनुसार, वह पहले ही दो किश्तों में 35 हजार रुपये दे चुका था। इसके बाद ACB ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई।

मंगलवार को शिकायतकर्ता जैसे ही तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा और आरोपी को रकम सौंपी, पहले से मौजूद ACB टीम ने मुकेश रंगारी को रंगेहाथ पकड़ लिया।

डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच जारी है और विवेचना के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

Comments