सेंट पॉल स्कूल में अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर, संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई


रायपुर। जिला प्रशासन रायपुर द्वारा जिले में अवैध अतिक्रमण एवं बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज सेंट पॉल स्कूल परिसर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण पर राजस्व विभाग, नगर निगम रायपुर एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

जानकारी के अनुसार नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-4 को सेंट पॉल स्कूल परिसर में अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर नगर निगम ने निर्माणकर्ता को 21 फरवरी 2026 को पहला नोटिस जारी किया था। इसके बाद 24 मार्च 2026 को दूसरा और 2 अप्रैल 2026 को तीसरा नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल बंद करने तथा अतिरिक्त निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे।

तीन नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने और प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नगर निगम ने 6 मई 2026 एवं 1 जून 2026 को दो स्मरण पत्र भी जारी किए। इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोके जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त कार्रवाई का निर्णय लिया।

आज राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा नियमों के तहत अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

इस दौरान अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नंदकुमार चौबे, तहसीलदार राममूर्ति दीवान, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम उपस्थित रही।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति किए गए निर्माणों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले सभी आवश्यक अनुमति प्राप्त करने की अपील भी की है।

जिला प्रशासन का कहना है कि शहर में सुव्यवस्थित विकास और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comments