तिल्दा-नेवरा, 16 जून। तिल्दा विकासखंड के ग्राम मढ़ी में गौरी गणेश स्पंज आयरन प्लांट द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत किए जा रहे विकास कार्यों से गांव की तस्वीर तेजी से बदल रही है। शिक्षा, सामुदायिक विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में कंपनी लगातार कार्य कर रही है, जिसका लाभ ग्रामीणों को प्रत्यक्ष रूप से मिल रहा है।
कंपनी ने ग्राम मढ़ी के हाई स्कूल परिसर में मुख्य द्वार का निर्माण कराया है। इसके साथ ही स्कूल भवन में नई खिड़कियां लगाई गई हैं, जिससे कक्षाओं में रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था बेहतर हुई है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड का निर्माण भी कराया गया है, जिससे गर्मी और बारिश के मौसम में भी प्रार्थना सभा एवं अन्य गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
सामुदायिक विकास के तहत ग्राम पंचायत भवन परिसर में चौपाल शेड का निर्माण किया गया है। इससे पंचायत की बैठकें, सामाजिक कार्यक्रम और सामुदायिक आयोजन अब अधिक व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले खुले में होने वाली बैठकों में मौसम के कारण कई समस्याएं आती थीं, जो अब दूर हो गई हैं।
कंपनी द्वारा गांव के प्राचीन महामाया मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण भी कराया गया है। मंदिर को नया स्वरूप मिलने से ग्रामीणों की आस्था का यह प्रमुख केंद्र और अधिक आकर्षक बन गया है।
इसके अलावा गांव के प्रमुख जल स्रोत धोबा तालाब का भी सौंदर्यीकरण कराया गया है। घाटों की मरम्मत, साफ-सफाई और आसपास के क्षेत्र के विकास से तालाब का स्वरूप निखरा है। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिला है तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार सीएसआर मद से प्रतिवर्ष लगभग 7 लाख रुपये से अधिक की राशि ग्राम मढ़ी के विकास कार्यों पर खर्च की जाती है। वर्तमान में अतिरिक्त भवन निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी के सहयोग से गांव में शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि इन विकास कार्यों से ग्राम मढ़ी की पहचान एक विकसित और सुविधासंपन्न गांव के रूप में बन रही है।
Comments