मोहला। नई शिक्षा नीति के तहत विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शाला प्रबंधन समितियों (एसएमसी) का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पीएम श्री स्कूल मानपुर में शाला प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई, जहां पालकों ने एक बार फिर राजू टांडिया पर विश्वास जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
विद्यालय परिसर में आयोजित पालक-शिक्षक बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान शाला प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। विद्यालय के विकास, शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए पालकों ने राजू टांडिया को पुनः जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया।
जिम्मेदारी मिलने के बाद राजू टांडिया ने पालकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य तथा विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि समिति और शिक्षकों के समन्वय से विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नवगठित शाला प्रबंधन समिति के गठन से पालकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि समिति के प्रयासों से पीएम श्री स्कूल मानपुर के शैक्षणिक स्तर और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
Comments