रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: विंडो एसी ब्लास्ट के बाद लगी आग, पिता की मौत, बेटा गंभीर

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र स्थित एक मकान में विंडो एसी में हुए कथित ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर घर में सो रहे पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 3 बजे की है। अचानक एसी में विस्फोट होने के बाद आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। आग और धुएं के कारण घर में मौजूद पुरुषोत्तम पटेल और उनके पुत्र राजवीर पटेल बाहर नहीं निकल सके।

मोहल्लेवासियों ने दिखाई बहादुरी

स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लोगों ने ताला तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजवीर पटेल का उपचार जारी है।

घर का पूरा सामान जलकर राख

आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। मकान में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। परिजनों के अनुसार राजवीर पटेल का हाल ही में 19वां जन्मदिन मनाया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद खुशियां मातम में बदल गईं।

एंबुलेंस और पुलिस की देरी पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बावजूद एंबुलेंस और पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण विंडो एसी में ब्लास्ट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

N. भारत न्यूज़
सच के साथ, हर खबर आपके पास

Comments