"केतन अग्रवाल हत्याकांड: बेटी दोषी हुई तो उसे भी किले से नीचे धकेल दो" — सिया के पिता का बड़ा बयान



माता-पिता ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, कहा- केतन हमारे लिए बेटे जैसा था, दोषी को मिले सबसे कड़ी सजा।

रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी बात रखी है। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भावुक होते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी इस हत्याकांड में दोषी साबित होती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए जो उसने केतन को दी।

दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती प्रवीण गोयल ने कहा, "जिसने भी केतन की हत्या की है, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे भी लोहागढ़ किले से नीचे धकेल देना चाहिए।"

उन्होंने कहा कि अग्रवाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है और इससे अधिक दर्दनाक घटना कोई नहीं हो सकती। प्रवीण गोयल ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराने संबंध थे और केतन उनके लिए बेटे जैसा था। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्होंने एक बेटा और एक अच्छा रिश्ता दोनों खो दिया।

सिया की मां ने भी अदालत से आरोपियों को सबसे कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार आज भी इस घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहा है।

प्रवीण गोयल ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक यकीन नहीं हो रहा कि उनकी 19 वर्षीय बेटी ऐसा कदम उठा सकती है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी चेतन चौधरी को नहीं देखा और न ही उसका नाम पहले कभी सुना था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। अदालत में पेश साक्ष्यों के आधार पर आगे की सुनवाई होगी।

Comments