मुंबई। देश की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याग्निक को संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह के दूसरे चरण में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद 60 वर्षीय गायिका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए पिछले दो वर्षों से चल रही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वह लंबे समय से सार्वजनिक जीवन और मीडिया की सुर्खियों से दूर थीं।
अलका याग्निक ने अपने संदेश में लिखा कि कठिन समय के दौरान प्रशंसकों का प्यार, दुआएं और समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने कहा कि पद्म भूषण प्राप्त करना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा क्षण है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान नहीं है, बल्कि उन करोड़ों श्रोताओं के प्रेम और विश्वास का प्रतीक भी है जिन्होंने उनके गीतों को अपने जीवन का हिस्सा बनाया।
गायिका ने आगे लिखा कि वह धीरे-धीरे स्वास्थ्य लाभ की ओर बढ़ रही हैं और यह सम्मान उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस सम्मान को विनम्रता और गर्व के साथ स्वीकार करती हैं।
अपने संदेश के अंत में अलका याग्निक ने कहा कि उन्होंने केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि अपने प्रशंसकों के अथाह प्रेम और स्नेह को स्वीकार किया है, जो उनके पूरे सफर में उनके साथ खड़ा रहा।
Comments