रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में मंगलवार को एक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के फर्नेस में अचानक पंचर होने से निकली गर्म सामग्री की चपेट में आने से तीन मजदूर झुलस गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार फर्नेस संचालन के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने से अत्यधिक गर्म सामग्री बाहर निकल गई, जिससे वहां कार्यरत तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन द्वारा घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायल मजदूरों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है तथा प्लांट प्रबंधन से भी घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस एवं प्लांट प्रबंधन संयुक्त रूप से हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
N. BHARAT NEWS
सच के साथ, हर खबर आपके पास
📞 9425257335 | 📍 कुशालपुर, रायपुर (छ.ग.)
Comments