एनएच-30 पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत करने पुलिस की पहल
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने थाना धरसीवां क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) के किनारे संचालित होटल, ढाबा एवं पेट्रोल पंप संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, यातायात को सुचारू बनाए रखना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना रहा।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए और सड़क किनारे व्यावसायिक गतिविधियों का अनधिकृत विस्तार न हो। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रतिष्ठानों में अत्यधिक तेज प्रकाश व्यवस्था (हाई इंटेंसिटी लाइट) लगाने से बचें तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित ढंग से कराएं, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने होटल और ढाबा संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि उनके प्रतिष्ठानों में शराब सेवन, अवैध गतिविधियों अथवा असामाजिक तत्वों को किसी भी प्रकार का संरक्षण न मिले। यदि ऐसी कोई गतिविधि नजर आती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
बैठक में बाहरी अथवा संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया। संचालकों को बिना पहचान सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी कर्मचारियों, श्रमिकों और स्टाफ का पूरा पहचान विवरण एवं आवश्यक दस्तावेज थाना में जमा कराने को अनिवार्य बताया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका सत्यापन किया जा सके।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। इसलिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति अथवा असामान्य घटनाक्रम की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में उपस्थित होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा क्षेत्र में सुरक्षित यातायात, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से इस प्रकार की जागरूकता बैठकें एवं जनसंपर्क अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
Comments