दंतेवाड़ा: बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने एनएमडीसी बचेली प्रबंधन पर प्रशासनिक आदेशों की कथित अवहेलना और टेलिंग डैम क्रमांक-01 से प्रभावित विस्थापित परिवारों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। संगठन के जिला अध्यक्ष रेमन मरकामी और संभागीय महामंत्री रामनाथ नेगी ने कहा कि मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद प्रशासन द्वारा आवंटित आवासों में रहने पहुंचे प्रभावित परिवारों को कथित रूप से बाहर निकालने और बिजली आपूर्ति बाधित करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों में गर्भवती महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिनके साथ इस तरह का व्यवहार अमानवीय है। संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, न्यायालय के अंतिम निर्णय तक किसी भी प्रकार की बेदखली पर रोक तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों के स्थायी एवं सम्मानजनक पुनर्वास की समयबद्ध योजना लागू करने की भी मांग की गई है।
Comments